तमनार हिंसा: लेडी कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी, खेत में घसीटा, इज्जत की भीख मांगती रही

0

रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में कोयला खदान के विरोध के दौरान हुई हिंसा ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात एक लेडी कॉन्स्टेबल के साथ गंभीर अभद्रता की। आरोप है कि उसकी वर्दी फाड़ दी गई और उसे खेतों में घसीटते हुए अपमानित किया गया।

घटना के दौरान लेडी कॉन्स्टेबल पूरी तरह असहाय स्थिति में नजर आई। बताया जा रहा है कि वह बार-बार हाथ जोड़कर अपनी आबरू बचाने की गुहार लगाती रही और प्रदर्शनकारियों से छोड़ देने की विनती करती रही, लेकिन भीड़ का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था।

जानकारी के अनुसार, लेडी कॉन्स्टेबल कोल ब्लॉक की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान वह प्रदर्शनकारियों के बीच घिर गई। आरोप है कि उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसे अर्धनग्न अवस्था में खेतों में दौड़ाया गया, फिर गिराकर घसीटा गया।

दरअसल, जेपीएल कोयला खदान सेक्टर-1 के विरोध में आसपास के 14 गांवों के लोग लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। 27 दिसंबर की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण लिबरा चौक पर एकत्र हो गए और सड़क पर बैठकर यातायात बाधित कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तनाव बना रहा।

दोपहर बाद हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। उग्र भीड़ ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिस पर पत्थर व डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसा में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी और महिला आरक्षक घायल हुए। भीड़ ने पुलिस बस, जीप और एम्बुलेंस सहित कई सरकारी वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

इसके बाद उपद्रवी जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट की ओर बढ़ गए, जहां कन्वेयर बेल्ट, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों में आग लगा दी गई। दफ्तर में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। इस पूरी घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों