NH-30 चौड़ीकरण पर सख्त हुए SP पंकज चंद्रा, केशकाल में पैदल निरीक्षण, अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश

0

कोंडागांव जिले के केशकाल नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के चौड़ीकरण एवं सड़क नवीनीकरण कार्य को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा (BPS) ने शुक्रवार को केशकाल पहुंचकर न केवल प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लिया, बल्कि अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर सड़क निर्माण, यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण भी किया।

SDM कार्यालय केशकाल में आयोजित बैठक में NH-30 के नवीनीकरण के दौरान रूट डायवर्जन, अवैध अतिक्रमण हटाने और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चली ठाकुर, SDM केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक, SDOP श्री अरुण नेताम, थाना प्रभारी विकास बघेल, तहसीलदार गणेश सिदार सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, यातायात एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ डिपो चौक से नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नालियों एवं सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे शीघ्र ही अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 25 वाहन चालकों से लगभग ₹7,500 का समन शुल्क वसूला गया

पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नगरवासियों से अपील की कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क किए जाएं, यात्री बस चालक शहर में तेज गति एवं ओवरटेकिंग से बचें और अवैध अतिक्रमण स्वयं हटा लें।

इस अवसर पर SP पंकज चंद्रा ने कहा कि केशकाल शहर की मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और आगामी दिनों में सड़क चौड़ीकरण के लिए विशेष अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे, ताकि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों