पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का नाटक करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस जांच में खुला सनसनीखेज राज
लैलूंगा थाना क्षेत्र के करडेगा पटेलपारा गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरू में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
मृतका के पति गिरधारी पैकरा ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी डिजेश्वरी पैकरा ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी है। इस सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहराई से जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना में गड़बड़ी की आशंका हुई।
जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच घर में लाए गए चिकन और मटन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आरोपी पति ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया और लोहे के औजार व धारदार हथियार से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और परिजनों व ग्रामीणों को गुमराह किया। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया कि लैलूंगा पुलिस ने गंभीर अपराध का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है।
