कोंडागांव में अपराधियों पर शिकंजा: एसपी पंकज चंद्रा की बड़ी क्राइम मीटिंग, अफसरों को सख्त निर्देश
कोंडागांव जिले में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (IPS) की अध्यक्षता में एक विशेष क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में लंबित मामलों के जल्द निपटारे, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाना रहा।
एसपी श्री चंद्रा ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे लंबे समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाएं और समन व वारंट की तामील को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं से मित्रवत व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों पर तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

बैठक में जिला अभियोजन अधिकारी को भी मामलों में तेजी लाने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराध, एटीएम व बैंक फ्रॉड और ट्रैफिक नियमों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।
असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। सीमावर्ती इलाकों, त्योहारों और धान खरीदी के दौरान चेक पोस्ट पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान से नवाजा गया। इसमें एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय, विश्रामपुरी थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनोद नेताम और आरक्षक अजरंग बघेल शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए गए।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने साफ कहा कि कोंडागांव में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
