घने जंगलों के बीच पुलिस-जनता की अनोखी पहल: कुड़ूर में हुआ दो दिवसीय वॉलीबॉल महाकुंभ
कोंडागांव जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र कुड़ूर गांव में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों और पुलिस के बीच मधुर संबंध स्थापित करना और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।

पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्र (IPS) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल और एसडीओपी मर्दापाल श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में यह खेल आयोजन कराया गया। इसमें पुंगरपाल, कुड़ूर, गुमियापाल, उहपाल, तुमड़ीवाल, छोटे हांडापाल, एकाली, मटवाल, हाई स्कूल मटवाल और पड़नार की टीमों ने भाग लिया।
दोनों दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों और ग्रामीणों के लिए पुलिस विभाग की ओर से भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे लोगों में अपनापन और भरोसे का माहौल देखने को मिला। खेल मैदान में गांवों के सैकड़ों लोग जुटे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबला गांव पुंगरपाल और मटवाल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें पुंगरपाल की टीम विजेता बनी, जबकि मटवाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। कुड़ूर की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीम को ₹5000 नकद, उपविजेता को ₹3000 और तीसरे स्थान पर रही टीम को ₹2000 नकद राशि के साथ शील्ड प्रदान की गई। सभी टीमों को जर्सी, वॉलीबॉल और नेट भी वितरित किए गए।

फाइनल मैच के दौरान स्वयं कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्र मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। ग्रामीणों के बीच उनकी मौजूदगी से खास उत्साह का माहौल देखने को मिला। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा, स्वास्थ्य और नशा मुक्त समाज पर जोर देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया और जमीन पर बैठकर लोगों से संवाद किया।
इस अवसर पर एसडीओपी मर्दापाल श्री सतीश भार्गव, थाना प्रभारी श्री राजकुमार सोरी, कंपनी कमांडर श्री सुरेंद्र नागवंशी, श्री राजेंद्र मरकाम, विभिन्न गांवों के सरपंच, उपसरपंच, सामाजिक प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गांववासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आगे भी होते रहने चाहिए।
