राजनांदगांव में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: बसंतपुर पुलिस ने दो तस्कर पकड़े, 11 हजार से ज्यादा की शराब जब्त
राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देश पर की गई, जिसके तहत शहर में चल रहे गैरकानूनी शराब कारोबार पर करारा प्रहार किया गया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। मोहरा बायपास रोड के पास अवैध रूप से शराब बेचते हुए लोकेश श्रीवास को पकड़ा गया, जिसके पास से 58 पाव अंग्रेजी जम्मू स्पेशल व्हिस्की जब्त की गई। वहीं गोल्डन रेस्टोरेंट के पास राहुल राजपूत उर्फ गुज्जर को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

दोनों आरोपियों के पास से कुल 79 पाव अंग्रेजी जम्मू स्पेशल व्हिस्की और 29 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 14.220 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब और 5.22 बल्क लीटर देशी शराब है। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 11 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश श्रीवास, निवासी ठेठवारपारा, राजनांदगांव और राहुल राजपूत उर्फ गुज्जर, निवासी क्लब चौक, राजनांदगांव के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बसंतपुर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
