बीजापुर मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 6 नक्सली ढेर, AK-47 समेत हथियार बरामद
बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में 6 माओवादी कैडर निष्क्रिय (मारे गए) किए गए हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली भी शामिल बताई जा रही हैं।
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने AK-47 सहित कुल 6 ग्रेडेड हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर की गई थी, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
सुरक्षाबलों की कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी भी अन्य नक्सली की मौजूदगी या हथियार छिपाने की कोशिश को नाकाम किया जा सके।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए अभियान लगातार तेज किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
