राजनांदगांव: स्कूली बच्चों को सेफ–अनसेफ टच और आत्मरक्षा की दी गई जानकारी
जिले में बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस के निर्देशन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ग्राम लिटिया में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान डिफेंस टीम/स्टॉप वुमन यूनिट द्वारा बच्चों को सेफ टच और अनसेफ टच, आत्म-सुरक्षा के उपाय, नशे से दूर रहने और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से समझाया गया। बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी भी असहज स्थिति में कैसे सतर्क रहना है और तुरंत मदद कैसे लेनी है।
पुलिस टीम ने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, गलत स्पर्श की पहचान करने और भरोसेमंद लोगों से तुरंत साझा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाना रहा, ताकि वे किसी भी तरह के शोषण या खतरे से खुद को सुरक्षित रख सकें।
इसी क्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी संबंधित मोबाइल एप डाउनलोड कर उसके उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित सहायता मिल सके।
इस जागरूकता कार्यक्रम में करीब 96 छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही है, ताकि बच्चों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाया जा सके।
