राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में भिलाई में ट्रैफिक पुलिस का अनूठा प्रयास, रंगोली–पेंटिंग से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत ट्रैफिक पुलिस फोर्ट द्वारा भिलाई के शहीद पार्क, सेक्टर-5 में “सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियम” विषय पर रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 28 अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रचनात्मक कला के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में कुल 196 पेंटिंग और 35 रंगोली प्रविष्टियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट के उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, ओवरस्पीडिंग से बचाव, सुरक्षित ड्राइविंग और जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपनी कलाकृतियों में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक समूह “स्वयं सिद्धा” द्वारा जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, ट्रिपल राइड से बचने, नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का सशक्त संदेश दिया गया। साथ ही, कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को विशेष रूप से यह समझाइश दी गई कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन न चलाने दें।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री रिचा मिश्रा ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए पूर्व में घटित सड़क दुर्घटनाओं के उदाहरण साझा किए। उन्होंने बताया कि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।
इस आयोजन के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों को व्यवहार में अपनाने और समाज में सुरक्षित ट्रैफिक संस्कृति विकसित करने का प्रभावी संदेश दिया गया।
