दीपका पुलिस ने नागिनझोरखी हत्याकांड की गुत्थी कुछ ही घंटों में सुलझाई, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा जिले के नागिनझोरखी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दीपका पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच से यह मामला जल्द ही सुलझा लिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकुमार साहू, पिता रामविलास साहू, उम्र 60 वर्ष द्वारा थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 16 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच, उनकी 23 वर्षीय बेटी नम्रता साहू घर में अकेली थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुस आया और धारदार हथियार से गले व चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दीपका में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 103(1), 331(8) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पटले और नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को संदेही राहुल जोगी, पिता परसन जोगी, उम्र 25 वर्ष, निवासी बांधाखार, थाना पाली, जिला कोरबा पर शक हुआ। पुलिस टीम ने आरोपी को बाघा बॉर्डर, हरदीबाजार रोड, दीपका के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने नम्रता साहू को घर में अकेला पाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दीपका पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
