रायगढ़ में कबाड़ माफिया पर पुलिस का कहर, 17 गिरफ्तार, ₹4.90 करोड़ की संपत्ति जब्त
रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए पूरे जिले में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लगभग ₹4.90 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान 14 वाहन, अवैध कबाड़ से भरे गोदाम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से कबाड़ का भंडारण और परिवहन कर रहे थे, जिससे राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संगठित कबाड़ नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से की गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गठित टीमों ने समन्वय के साथ छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार, कबाड़ माफिया और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
