सिवनी पुलिस की अनोखी पहल: ‘सृजन सम्मान’ अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर फोकस

0
WhatsApp Image 2026-02-03 at 8.18.09 PM

सिवनी जिले में किशोर-किशोरियों के सर्वांगीण विकास और पुलिस-जनसंवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित ‘सृजन सम्मान’ अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ पुलिस रक्षित केंद्र सिवनी में किया गया। यह पहल पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश, भोपाल के नवाचार कार्यक्रम के अंतर्गत चलाई जा रही है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान रक्षित निरीक्षक प्रवीण नायडू, कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे, सूबेदार जितेंद्र रावतकर एवं सूबेदार गौरव मर्सकोले की उपस्थिति रही।

द्वितीय चरण के अंतर्गत जरूरतमंद बस्तियों में निवास करने वाले बालक-बालिकाओं का विधिवत नामांकन कर उन्हें पुलिस रक्षित केंद्र सिवनी में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालयीन शिक्षा के अतिरिक्त प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को अपराह्न काल में सृजन गतिविधियों से जुड़े विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

इस पहल के माध्यम से बच्चों को आत्मरक्षा के लिए कराते प्रशिक्षण, योग, नृत्य, परेड मार्च, अनुशासन, संवाद कौशल, व्यक्तित्व विकास, नागरिक कर्तव्य, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, चाइल्ड राइट्स सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की बुनियादी जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही विभिन्न संस्थानों का भ्रमण, खेल गतिविधियां एवं रिक्रिएशनल सेशन भी कराए जा रहे हैं।

सिवनी पुलिस का उद्देश्य इस अभियान के जरिए किशोर-किशोरियों में आत्मविश्वास, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। यह कार्यक्रम न केवल बच्चों बल्कि उनके परिवारों में भी सामाजिक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

इस अभियान को सफल बनाने में रक्षित केंद्र सिवनी की विशेष टीम आर. नारायण ठाकरे, विवेक गोनेकर, विकास रघुवंशी, तरुण कंचनवार, कुणाल सल्लाम एवं आनंद वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों