रायगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा: फर्जी दस्तावेजों से बाइक बेचने वाला गिरोह पकड़ा, 25 बाइक जब्त
रायगढ़।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी कर फर्जी आरसी व दस्तावेज तैयार कर बेचने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक एप्पल लैपटॉप और कलर प्रिंटर बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बाइक चोरी के बाद नकली आरसी, ट्रांसफर फॉर्म और फर्जी दस्तखत तैयार कर चोरी की गाड़ियों को बाजार में खपाता था। गिरोह में बाइक चोर, ऑटो डीलर का मैनेजर, खरीदार और पब्लिक सर्विस सेंटर संचालक शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर संगठित अपराध (धारा 112 बीएनएस) भी जोड़ी गई है।
एसएसपी के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने संदिग्ध मुकेश प्रधान को दो चोरी की बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी मुकेश चौहान ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र से करीब 25 बाइक चोरी की थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की बाइकों को बेचने के लिए ऑटो डीलर के माध्यम से फर्जी आरसी कार्ड तैयार किए जाते थे। चेसिस नंबर से असली मालिक का डेटा बदलकर नकली दस्तावेज प्रिंट किए जाते थे, ताकि खरीदारों को बाइक वैध प्रतीत हो। पुलिस ने इस कार्य में उपयोग किए गए लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि बरामद बाइकों में से कुछ वाहन पहले से दर्ज अपराधों से संबंधित हैं, जबकि शेष के वास्तविक मालिकों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
🗣️ एसएसपी शशि मोहन सिंह की अपील
एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि सेकेंड हैंड बाइक खरीदते समय आरसी, बीमा और मालिक की पहचान की पूरी जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
👮♂️ गिरफ्तार आरोपी
- मुकेश चौहान उर्फ छोटू – ग्राम भकुरा, थाना लैलूंगा
- चंद्रकुमार यादव – ग्राम सरदेगा, थाना लैलूंगा
- पुरुषोत्तम प्रधान – ग्राम मुदागांव, थाना लैलूंगा
- मुकेश प्रधान – ग्राम रुडकेला, थाना लैलूंगा
- इरशाद खान – ग्राम करवारजोर, थाना लैलूंगा
- अजय पटेल – ग्राम चारभांठा, थाना भूपदेवपुर
- संजय अगरिया – पब्लिक सर्विस सेंटर संचालक

🔍 बरामदगी
✔️ 25 चोरी की मोटरसाइकिल
✔️ 01 एप्पल लैपटॉप
✔️ 01 कलर प्रिंटर
💰 कुल कीमत: लगभग ₹16 लाख
