पुलिस से संवाद कर डर होगा खत्म! महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन

0
WhatsApp Image 2026-01-24 at 5.57.03 PM

रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद “संवाद से समाधान” विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और अपराध रोकथाम में जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।

इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एसपी ट्रैफिक तारकेश्वर पटेल, डीएसपी दीपक मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली सतीश सिंह गहरवार तथा यातायात निरीक्षक टी के भोई की विशेष उपस्थिति रही। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

पुलिस अधिकारियों ने संवाद के माध्यम से साइबर अपराध, नशाखोरी और अन्य सामाजिक अपराधों को लेकर विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई गई और बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों के माध्यम से तुरंत सहायता कैसे ली जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान यातायात निरीक्षक टी के भोई ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट की अनिवार्यता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सुरक्षित वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इसके साथ ही दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

डीएसपी दीपक मिश्रा ने विद्यार्थियों से कहा कि पुलिस से संवाद करने से डर खत्म होता है और अपराध नियंत्रण में सहयोग मिलता है। उन्होंने बताया कि लगातार अपराध रोकने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

कार्यक्रम में प्राध्यापक ललित वर्मा, डॉ. प्रेम, अनुपमा जैन, अपुर्वा शर्मा, रामप्रसाद दुबे, सिमरन चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रीतम दास द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों