साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: महाराष्ट्र से 5 चोरी की बाइक बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
राजनांदगांव। साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव की संयुक्त टीम को वाहन चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजनांदगांव जिले से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलों को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से बरामद किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र से अलग-अलग स्थानों पर हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान साइबर सेल की सहायता ली गई। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें मिले सुरागों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
जांच के दौरान गठित पुलिस टीम को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले भेजा गया, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी संघर्ष सुभाष डोंगरे, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी कावड़ी, पोस्ट अंजोरा, तहसील आमगांव, थाना सालेखसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने राजनांदगांव से चोरी की गई मोटरसाइकिलों को अपने गांव ले जाना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें ड्रीम योगा मोटरसाइकिल, हीरो होंडा, दो बुलेट 350 (क्लासिक व स्टैंडर्ड) सहित अन्य वाहन शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 6 हजार 759 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी एवं साइबर सेल प्रभारी की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
