नक्सलियों का हथियार वर्कशॉप ध्वस्त! गरियाबंद में E-30 टीम को बड़ी सफलता, INSAS-BGL समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद

0
7th feb 2.7

गरियाबंद। छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान में जिला पुलिस बल गरियाबंद की E-30 टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना मैनपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भालूडीग्गी के पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार निर्माण व मरम्मत से जुड़े उपकरणों और भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ओडिशा स्टेट कमेटी से जुड़े डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों द्वारा छोड़े गए हथियार वर्कशॉप डंप पर की गई। मौके से INSAS राइफल, 303 रायफल, 12 बोर हथियार, देशी कट्टा, देसी बीजीएल लांचर (सुरका), बीजीएल सेल और हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह हथियार वर्कशॉप नक्सलियों की तकनीकी टीम द्वारा संचालित की जाती थी, जहां ऑटोमैटिक हथियारों की मरम्मत, आईईडी और अन्य देसी हथियार तैयार किए जाते थे। यह पूरा काम ओडिशा स्टेट कमेटी के शीर्ष नेतृत्व—चपाती, मनोज और गणेश उइके—की निगरानी में किया जा रहा था, जो अब मारे जा चुके हैं।

पुलिस को यह सफलता जनवरी 2026 में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर मिली। इसी इनपुट पर 6 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय गरियाबंद से E-30 टीम को रवाना किया गया। करीब 36 घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान छह अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों द्वारा छोड़ा गया यह डंप बरामद किया गया।

इस कार्रवाई में कुल 2 INSAS, 1 रायफल 303, 1 देशी कट्टा, 1 देसी बीजीएल लांचर, 2 बारह बोर हथियार, 2 सिंगल शॉट हथियार, 127 जिंदा कारतूस, 8 मैगजीन, 22 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रिक वायर का बंडल और हथियार वर्कशॉप से जुड़ा अन्य सामान जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीते डेढ़ वर्षों से चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत “ऑपरेशन विराट” में बड़ी सफलता मिली है। 26 जनवरी 2026 तक धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सूचीबद्ध नक्सलियों का आत्मसमर्पण या निष्क्रियकरण हो चुका है। इस ताजा बरामदगी के बाद क्षेत्र में नक्सली हिंसा की आशंका लगभग समाप्त मानी जा रही है।

📊 2025-26 में गरियाबंद जिले में नक्सलियों से जब्त हथियार (संक्षेप में)

  • कुल हथियार बरामद: 57
  • कुल कारतूस: 300
  • कुल मैगजीन: 21
  • ऑटोमैटिक हथियार: 28
  • अन्य हथियार: 29

💥 जब्त विस्फोटक सामग्री

  • इलेक्ट्रिक डेटोनेटर: 240
  • नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर: 17
  • आईईडी बम: 07
  • कार्डेक्स वायर: लगभग 100 मीटर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों