राजिम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भव्य आयोजन, सामूहिक विवाह में बंधे कई जोड़े
राजिम के नवीन मेला ग्राउंड (चौबेबंधा) में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत एक भव्य और गरिमामय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राज्य के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आयोजन की अध्यक्षता राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने की। मंच से अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अंतर्गत गरियाबंद जिले के आत्मसमर्पित जोड़ों ने भी विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। योजना के माध्यम से सामाजिक पुनर्वास और मुख्यधारा से जुड़ने का सकारात्मक संदेश भी सामने आया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

विवाह संपन्न कराने वाले जोड़ों में संतु जुरी उर्फ दिलीप, मंजुला मुचाकी उर्फ लक्ष्मी, भीमा मंडावी उर्फ दीपक, जुनकी उर्फ सुनीता, भीमा भोगम उर्फ कैलाश, पायकी करम उर्फ रनीता, रमेश मुरिया उर्फ राजेंद्र उर्फ कोसा मुरिया तथा डावे मड़काम उर्फ जैनि शामिल रहे। सभी जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित यह कार्यक्रम न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बना, बल्कि सामाजिक समरसता, सम्मान और पुनर्वास का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया। आयोजन के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
