स्कूल-कॉलेज के आसपास नशे पर जीरो टॉलरेंस: कलेक्टर ऋजु बाफना के सख्त निर्देश, संयुक्त कार्रवाई शुरू

0
riju

नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ऋजु बाफना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास पान, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक परिसरों और सार्वजनिक जगहों के आसपास नशीले उत्पादों की बिक्री पर जप्ती सहित कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व और नगर पालिका विभाग को पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।

इसके साथ ही, कलेक्टर ने स्कूल-कॉलेजों और आम नागरिकों के बीच नशीले पदार्थों की पहचान और उनके दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और उन्हें जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बैठक में कहा कि स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास धूम्रपान करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी और नियमों के तहत जुर्माना (फाइन) लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग इस दिशा में नियमित निगरानी और सघन चेकिंग अभियान चलाएगा।

बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर मनीषा वास्कले, शुजालपुर राजकुमार हलदर, गुलाना आलोक वर्मा, उप कलेक्टर नेहा गंगारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों