राहौद में दिनदहाड़े 2.5 लाख की लूट! बैंक से लौट रहे व्यक्ति से बैग छीनकर फरार हुए दो युवक

0
14 feb 2

राहौद बस्ती वार्ड क्रमांक 14 में दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय गोपेश्वर कुमार पटेल, निवासी राहौद, एसबीआई बैंक पामगढ़ से ₹2,50,000 नकद निकालकर अपने घर लौट रहे थे, तभी दो अज्ञात युवकों ने उनसे नकदी से भरा बैग छीन लिया।

बताया गया कि उक्त राशि उन्होंने घरेलू कार्य हेतु गांव के ही श्याम चंदेल से उधार ली थी। चेक के माध्यम से बैंक से दोपहर के समय रकम निकाली गई। बैंक परिसर में उनकी मुलाकात मिथिलेश नामक व्यक्ति से हुई, जिसके साथ वे वापस राहौद की ओर रवाना हुए।

राहौद पहुंचने के बाद ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल लेकर गोपेश्वर कुमार पटेल घर के लिए निकले। नकदी से भरा बैग उन्होंने साइकिल के हैंडल में टांगा हुआ था। दो तालाबों के बीच रास्ते में सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक बैग छीनने की कोशिश की और साइकिल समेत बैग लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना तत्काल राहौद पुलिस को दी गई। पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाश शुरू की, लेकिन आरोपियों का तत्काल पता नहीं चल सका। आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध युवकों की तस्वीरें मिली हैं, जिनके आधार पर पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले में विधिक कार्रवाई कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों