वैलेंटाइन डे पर राजनांदगांव में सख्त सुरक्षा! 150 पुलिस जवान तैनात, सोशल मीडिया पर भी नजर

0
14 feb 3.3

वैलेंटाइन डे के अवसर पर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सुबह से ही प्रमुख पार्क, गार्डन, मंदिर, पिकनिक स्पॉट, पर्यटन स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और डोंगरगांव थाना क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीम के साथ सक्रिय ड्यूटी पर मौजूद हैं। इस विशेष व्यवस्था में करीब 150 अधिकारी एवं जवान शामिल हैं।

शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां लगातार पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है।

मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय है और डायल-112 आपात सेवा अलर्ट मोड पर रखी गई है, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की सतत निगरानी जारी है, जिससे किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल संज्ञान लिया जा सके। होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थानों की नियमित जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने, छेड़छाड़ करने या कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से संयम और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना निकटतम थाना या कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों