महासमुंद पुलिस का जागरूकता अभियान: बच्चों को नशे, साइबर क्राइम और मोबाइल लत से बचने की सीख
महासमुंद पुलिस द्वारा जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों और आम नागरिकों को विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराध और ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी।
सकरा से लेकर सेंट एना स्कूल, संकरा तक आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि नशा जीवन को बर्बाद कर सकता है। विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें और अपने भविष्य को सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल की बढ़ती लत और उसके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। पुलिस ने बच्चों को स्क्रीन टाइम मैनेजमेंट अपनाने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी।
जागरूकता अभियान में साइबर अपराध से बचाव, महिलाओं के खिलाफ अपराध की रोकथाम और ट्रैफिक नियमों के पालन की जानकारी भी दी गई। हेल्पलाइन नंबर ‘मानस-1933’, साइबर हेल्पलाइन-1098 और आपातकालीन सेवा डायल-112 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता ली जा सके।
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों को भी इस अभियान के माध्यम से जागरूक किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस का कहना है कि समाज की सुरक्षा और जागरूकता के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
