ग्वालियर में लाखों की कपड़ा चोरी का खुलासा! नौकर निकला मास्टरमाइंड, साथी समेत गिरफ्तार

0

ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र में कपड़ों के गोदाम से लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गोदाम में पूर्व में काम कर चुके एक कर्मचारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में माल बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके कपड़ा गोदाम से बड़ी मात्रा में लोअर, पैंट-ट्राउजर और कपड़े के रोल चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध बिना नंबर की लोडिंग गाड़ी में कपड़े लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। घेराबंदी कर वाहन को रोका गया तो चालक ने अपना नाम नरेश राठौर बताया। पूछताछ में उसने गोदाम से चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि वारदात में उसका साथी कपिल प्रजापति भी शामिल था।

आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले उसी गोदाम में काम कर चुका है, जिससे उसे अंदरूनी जानकारी थी। दोनों ने मिलकर गोदाम की छत के रास्ते अंदर प्रवेश कर दरवाजा तोड़ा और कपड़ों के बंडल चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 430 नग लोअर, 474 नग पैंट-ट्राउजर, 12 रोल कपड़ा और बिना नंबर की लोडिंग गाड़ी जब्त की है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों