डबरा में दिनदहाड़े महिला का अपहरण! पैसों के विवाद में पिस्टल दिखाकर ले गए, दो आरोपी गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-01-24 at 5.57.03 PM

ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर एक महिला के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और इको वाहन जब्त किया गया है।

पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी बेटी का परिचित युवक से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कूल के पास महिला को जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। विरोध करने पर परिजनों को धक्का देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। एसडीओपी डबरा के मार्गदर्शन में थाना डबरा ग्रामीण पुलिस और तकनीकी सेल को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।

पुलिस को तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान अर्जुन परिहार (40 वर्ष) और सचिन धाकड़ (22 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त इको वाहन और एक देशी पिस्टल मय मैगजीन जब्त की।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा महिला के बयान दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों