ग्वालियर में अवैध शराब का अड्डा बेनकाब! खेत में छिपी 300 लीटर कच्ची शराब जब्त
ग्वालियर जिले के घाटीगांव सेक्टर में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में कच्ची शराब जब्त की है। थाना मोहना क्षेत्र के बरसाना मोहल्ला कंजर डेरे के पास खेत में छिपाकर रखी गई अवैध शराब और उपकरणों को बरामद कर नष्ट किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे और शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी घाटीगांव को मुखबिर से सूचना मिली कि कंजर बस्ती क्षेत्र में हाथ भट्टी से कच्ची शराब तैयार कर बेची जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घाटीगांव, मोहना, पनिहार, भंवरपुरा और आरोन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने दबिश दी तो प्रारंभिक तलाशी में कुछ नहीं मिला, लेकिन आगे सूचना के आधार पर एक खेत में बने कोठार की आड़ में प्लास्टिक ड्रम और शराब बनाने के उपकरण छिपे मिले। जांच के दौरान लगभग 300 लीटर अवैध कच्ची शराब, दो हाथ भट्टियां, भट्टी के ढक्कन और चार प्लास्टिक ड्रम बरामद किए गए।
मौके पर पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति खेतों की ओर भाग निकला। आसपास के लोगों से पूछताछ में उसकी पहचान लोटन कंजर निवासी बरसाना मोहल्ला के रूप में हुई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब और उपकरणों की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में घाटीगांव सेक्टर के विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
