ग्वालियर पुलिस ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, महिला पुलिस अधिकारियों का हुआ सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ग्वालियर जिला पुलिस द्वारा महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होटल रमाया में आयोजित हुआ, जहां महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान और ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (IPS) ने किया। इस अवसर पर पूर्व पुलिस अधीक्षक विदिता डागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल, पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर सहित जिले की सभी महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने सभी महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को हमेशा सम्मान और आदर का स्थान मिला है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी और कर्मचारी न केवल खुद सशक्त हैं बल्कि समाज की अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। साथ ही उन्होंने पीड़ित महिलाओं और कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उन्हें न्याय दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि वास्तव में साल का हर दिन महिलाओं के सम्मान का दिन होना चाहिए, क्योंकि महिलाओं के बिना परिवार और समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों से समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन सहित विभिन्न इकाइयों में कार्यरत महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने अपने सेवा अनुभव और चुनौतियों को भी साझा किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अधिकारियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
महिला सम्मान समारोह के माध्यम से ग्वालियर जिला पुलिस ने महिला सशक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।





