फर्जी मैरिज ब्यूरो का बड़ा खुलासा — WhatsApp पर भेजते थे 2000+ लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल, ₹37 लाख की ठगी, 2 गिरफ्तार
राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े फर्जी मैरिज ब्यूरो रैकेट का पर्दाफाश करते हुए संचालक और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से कार्यालय संचालित कर युवकों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंटरनेट से युवतियों के फोटो डाउनलोड कर फर्जी आईडी बनाते थे और इन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रीमियम पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक की राशि वसूली जाती थी। पैसे लेने के बाद आरोपी किसी न किसी बहाने से संपर्क तोड़ देते थे।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 07 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 कीपैड मोबाइल और 09 रजिस्टर/कॉपी जप्त किए गए। मोबाइल की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें करीब 2286 युवतियों के फोटो डाउनलोड पाए गए, जिनका उपयोग फर्जी प्रोफाइल बनाने में किया जा रहा था।
बैंक खातों की जांच में पिछले एक वर्ष में लगभग ₹37,69,000 के लेन-देन का खुलासा हुआ है, जिससे इस ठगी के बड़े नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा रहा है। पुलिस ने नेहा पाठक और धर्मेंद्र मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही। राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया के माध्यम से आने वाले विवाह प्रस्तावों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
