सड़क सुरक्षा को लेकर कांकेर पुलिस की नई पहल — आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हुए जवान, रात में भी बढ़ेगी सुरक्षा
उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जिलेभर के थाना और चौकियों में ड्यूटी के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इस पहल के अंतर्गत पुलिसकर्मियों को रेडियम पट्टी युक्त जैकेट, बेटन लाइट और सोल्डर लाइट वितरित किए गए हैं। इन उपकरणों के उपयोग से विशेषकर रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की दृश्यता बढ़ेगी और यातायात नियंत्रण अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।

रेडियम जैकेट कम रोशनी या कोहरे की स्थिति में पुलिसकर्मियों को दूर से स्पष्ट रूप से दिखाने में मदद करेगी, जिससे वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकेंगे। वहीं बेटन लाइट के माध्यम से पुलिस जवान वाहन चालकों को स्पष्ट संकेत दे सकेंगे, जिससे ट्रैफिक मैनेजमेंट और बेहतर होगा।
सोल्डर लाइट का उपयोग चेकिंग के दौरान पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा, जिससे संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच सुरक्षित और प्रभावी तरीके से की जा सकेगी। यह उपकरण अंधेरे इलाकों में ड्यूटी को भी आसान बनाएगा।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें, रात्रि में अनावश्यक हाई बीम का उपयोग न करें और पुलिस द्वारा दिए गए संकेतों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
