विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जेल में हेल्थ कैंप — बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
“विश्व स्वास्थ्य दिवस” के अवसर पर जिला जेल शाजापुर में बंदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री आनंद कुमार तिवारी के आदेशानुसार संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बंदियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र मोर्य, डॉ. अमित सिंह, डॉ. अदिति मेहता एवं डॉ. ईशा सोनी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां प्रदान कीं।

कार्यक्रम के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती नमिता बौरासी एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती शिखा शर्मा द्वारा जिला जेल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बैरकों, भोजन व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लेते हुए बंदियों से उनकी समस्याओं और विधिक सहायता से जुड़ी जानकारी ली।
इस दौरान जेल अधीक्षक श्री दुष्यंत कुमार पगारे ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर सभी बंदियों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित कराई। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए अच्छा स्वास्थ्य एक मौलिक अधिकार है और बंदियों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलना आवश्यक है।

शिविर में जेल स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य भी उपस्थित रहे। यह पहल बंदियों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण मानी जा रही है।
