कुछ ही घंटों में अपहृत युवती बरामद — 3 आरोपी गिरफ्तार, थार वाहन जब्त

0
a10.4.1

कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले में कुछ ही घंटों के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त किया गया है।

घटना 07 अप्रैल की है, जब प्रार्थी ने थाना अंतागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी रंजन मिश्रा उसकी बेटी को घर से जबरन उठाकर वाहन क्रमांक TS-08 HK-9889 में ले गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी युवती को जबरन विवाह के उद्देश्य से ले जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तत्काल तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर केवटी (भानुप्रतापपुर) के पास आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि पीड़िता हैदराबाद में कार्यरत थी, जहां आरोपी भी उसी कंपनी में काम करता था। लगातार परेशान करने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जबरन शादी के उद्देश्य से अपहरण की साजिश रची थी।

गिरफ्तार आरोपियों में रंजन मिश्रा (26 वर्ष), प्रियांशु उर्फ गुड्डू कुमार उपाध्याय (21 वर्ष) निवासी संगारेड्डी (हैदराबाद) तथा लाली टेकाम (31 वर्ष) निवासी जिला कांकेर शामिल हैं।

🔎 बरामदगी:
✔️ अपहृत युवती (सुरक्षित)
✔️ थार वाहन (लगभग ₹21.50 लाख)
✔️ मोबाइल फोन

⚖️ कानूनी कार्रवाई:
मामले में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत धारा 87, 333, 3(5) BNS के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों