कम्युनिटी पुलिसिंग की मिसाल — बच्चों को खेल सामग्री देकर पुलिस ने बढ़ाया हौसला
राजनांदगांव पुलिस द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत ग्राम कोठीटोला में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं को खेल सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनाना और युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करना है।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। घने जंगलों से घिरे दूरस्थ क्षेत्र कोठीटोला में पुलिस के लगातार जनहितकारी प्रयासों से आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं को बैट, बॉल सहित अन्य खेल सामग्री वितरित की गई, जिससे उन्हें खेलकूद के प्रति प्रोत्साहन मिले और वे नशे व असामाजिक गतिविधियों से दूर रह सकें।
इस अवसर पर ग्राम के सरपंच रामलाल ताड़ेकर, सचिव माया राम, ग्राम पटेल गैदूराम पुजारी, पंच चंद्रावती घावड़े, ईश्वर पुजारी, पप्पू मांडवी एवं बीरेंद्र यादव सहित 40 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कैंप कोठीटोला के पुलिस जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस तरह की जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
