मानवता की मिसाल: बसंतपुर पुलिस ने दिव्यांग बालक को सकुशल मां से मिलाया
राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में मानवता की मिसाल पेश करते हुए पुलिस ने एक दिव्यांग बालक को उसकी मां से सुरक्षित मिलाया। बालक दुर्गा चौक क्षेत्र में अकेले घूमता हुआ मिला था और वह अपना नाम तक सही से नहीं बता पा रहा था।
पुलिस ने बच्चे से परिजनों के बारे में पूछताछ की, लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर तत्काल उसके फोटो लेकर मोबाइल के माध्यम से वारिसों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद बच्चे की पहचान कृष्णा साहू (8 वर्ष) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि बच्चे की मां श्रीमती उषा साहू, निवासी बेलखेड़ा (जबलपुर) वर्तमान में लावणी भाटा, डोंगरगढ़ में रहती हैं। वे अपने बेटे का आधार कार्ड बनवाने कलेक्टर कार्यालय राजनांदगांव आई थीं। इसी दौरान बच्चे की जिद पर उसे रानी सागर चौपाटी घुमाने ले गईं, जहां झूला झूलते समय बच्चा अचानक वहां से निकलकर शहर की ओर भटक गया।
पुलिस की सतर्कता से बच्चे को सुरक्षित थाना लाया गया और मां का पता लगाकर बुलाया गया। मां को देखते ही बच्चे ने पहचान कर ली, जिसके बाद विधिवत सुपुर्दनामा तैयार कर बालक को उसकी मां के हवाले किया गया।
बसंतपुर पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
