ऑपरेशन Cyber Shield में बड़ा खुलासा! फर्जी सिम गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर रेंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन Cyber Shield” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड जारी करवाकर उन्हें साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क को उपलब्ध कराते थे। इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल देशभर में ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंक फ्रॉड और डिजिटल ठगी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जा रहा था।
रायपुर रेंज पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और संगठित तरीके से साइबर अपराधियों को मदद पहुंचा रहा था।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और उनसे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपने दस्तावेज देकर सिम कार्ड जारी न करवाएं और साइबर फ्रॉड से सतर्क रहें।
