सोमनी पुलिस की संवेदनशील पहल: भटकी मानसिक रूप से कमजोर महिला को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया
रायपुर/दुर्ग। पुलिस की मानवीय छवि एक बार फिर सामने आई है। सोमनी थाना पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए भटक रही मानसिक रूप से कमजोर महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 4 बजे सोमनी बस्ती क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर महिला भटकती हुई मिली। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम महिला को थाना सोमनी लेकर पहुंची।

थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम मानकी यादव (40 वर्ष), पति पोखन यादव, निवासी ग्राम अमोदी थाना खरोरा जिला बलौदाबाजार-भाठापारा बताया। महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला द्वारा बताए गए गांव में संपर्क स्थापित किया गया। तत्पश्चात महिला के परिजनों को सूचना देकर उन्हें थाना बुलाया गया।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके ससुर त्रिलोकी यादव के सुपुर्द सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। इस मानवीय कार्यवाही से क्षेत्र में पुलिस की सराहना हो रही है।
