कोण्डागांव पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में 2 अपहृत नाबालिग बरामद, ऑपरेशन मुस्कान-तलाश से 5 गुम महिलाएं मिलीं
कोण्डागांव। जिले में गुमशुदा एवं अपहरण मामलों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कोण्डागांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “मुस्कान” एवं ऑपरेशन “तलाश” के तहत मात्र 24 घंटे के भीतर 2 अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

पुलिस जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को एक प्रार्थी ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 13-13 वर्षीय पुत्री एवं भांजी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 107 एवं 108/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान दोनों नाबालिगों की लोकेशन ग्राम कोचईबेड़ा थाना बड़े डोंगर क्षेत्र में मिलने पर टीम तत्काल रवाना हुई और दोनों बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया गया।
इसी अभियान के अंतर्गत ऑपरेशन “तलाश” के तहत गुम हुई 3 महिलाओं को भी खोज निकाला गया। इनमें जैतपुरी निवासी अंजली मरकाम (18 वर्ष), कोपाबेड़ा निवासी रोहिता मरकाम (21 वर्ष) तथा कोण्डागांव निवासी सुरजोतिन यादव (65 वर्ष) शामिल हैं। सभी को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने बताया कि केवल दो दिनों के भीतर 2 नाबालिगों सहित कुल 5 गुमशुदा महिलाओं को खोजकर परिवारों तक पहुंचाया गया, जिससे कई घरों में फिर से खुशियां लौट आई हैं।
