महिला सुरक्षा के लिए कांकेर पुलिस की पहल: ग्राम कोंडे मेले में जागरूकता अभियान, सेल्फ डिफेंस डेमो से ग्रामीण हुए जागरूक
कांकेर। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा ग्राम कोंडे के वार्षिक मेले में विशेष जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम “मोर मितान” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून और आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में महिला रक्षा टीम ने थाना दुर्गूकोंदल क्षेत्र में दो दिवसीय मेले के दौरान नुक्कड़ नाटक, संवाद कार्यक्रम और लाइव डेमो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए शराब सेवन के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों के पालन, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, साइबर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
महिलाओं एवं बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह निषेध, पॉक्सो एक्ट, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आत्मरक्षा तकनीकों की जानकारी देते हुए सेल्फ डिफेंस का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।
महिला रक्षा टीम ने अभिव्यक्ति एप की जानकारी देते हुए इसकी उपयोगिता समझाई तथा 44 से अधिक लोगों के मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर स्थापित शिकायत पेटी के माध्यम से गोपनीय शिकायत दर्ज कराने की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत होगा और समाज में अपराध रोकथाम को नई दिशा मिलेगी।
