घर से लापता 3 बालिकाएं अलग-अलग राज्यों से बरामद, केशकाल पुलिस ने चलाया ऑपरेशन मुस्कान का बड़ा अभियान

0

केशकाल। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान एवं ऑपरेशन तलाश के तहत केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक नाबालिग सहित तीन गुम बालिकाओं को अलग-अलग राज्यों से सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजनों द्वारा थाना केशकाल में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी नाबालिग पुत्रियां बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गुम इंसान प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। नाबालिग होने के कारण अपहरण की आशंका को ध्यान में रखते हुए संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर बालिकाओं की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस पार्टियां रवाना की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र एवं एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में लगातार खोजबीन अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान—

  • एक बालिका को बालोद जिले के पुरूर बस स्टैंड से,
  • दूसरी बालिका को गोंदिया (महाराष्ट्र) से,
  • तथा तीसरी बालिका को हैदराबाद, तेलंगाना स्थित एयरफोर्स अकादमी क्षेत्र के पास से सुरक्षित बरामद किया गया।

बरामदगी के बाद न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण कर बालिकाओं को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया। पूछताछ में बालिकाओं ने किसी प्रकार की आपराधिक घटना से इंकार किया।

अपनी बेटियों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता एवं मानवीय कार्यवाही की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों