राजनांदगांव रेंज में RTI एवं विभागीय जांच पर प्रशिक्षण, पुलिस अधिकारियों को मिला कानूनी मार्गदर्शन
राजनांदगांव रेंज में पुलिस अधिकारियों की कार्यकुशलता एवं कानूनी समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से सूचना का अधिकार (RTI) एवं विभागीय जांच विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस लाइन राजनांदगांव में आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल तथा उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पांडेय सहित रेंज के विभिन्न इकाइयों से आए अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र में सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक वेदराम भास्कर ने विभागीय जांच के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक राकेश जोशी ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत उपलब्ध एवं अपवाद श्रेणी की सूचनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों को सरल रूप में समझाया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अभिरक्षा में मानवाधिकारों के संरक्षण, जवाबदेही एवं पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे भविष्य की प्रशासनिक एवं जांच प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
