नारायणपुर में रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, डीआरजी टीम बनी विजेता
नारायणपुर में शहीद वीर जवानों की स्मृति में आयोजित रात्रिकालीन 5-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में जिले की कुल 16 टीमों ने भाग लेते हुए खेल भावना और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबले में डीआरजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। टीएफसी टीम उपविजेता रही, जबकि फॉरेस्ट विभाग नारायणपुर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, सकारात्मक ऊर्जा विकसित करना तथा अनुशासन एवं टीम भावना को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के लिए आयोजित सद्भावना फुटबॉल मैच भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें लामा एकेडमी ‘बी’ टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की।
यह खेल आयोजन युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और शहीद जवानों को सम्मान देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
