ग्वालियर में यातायात जागरूकता सेमीनार: 300 छात्रों को हेलमेट व ट्रैफिक नियम पालन का दिया संदेश

0

ग्वालियर में हेलमेट जागरूकता विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष सेमीनार आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक संचालित अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अनु बेनीवाल के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में एलन कोचिंग संस्थान में आयोजित इस सेमीनार में लगभग 300 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, ओवर स्पीडिंग से बचने, सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा ट्रैफिक सिग्नल और रेड लाइट का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

सेमीनार में लघु फिल्म के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के कारण और बचाव के उपाय समझाए गए। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में यातायात थाना कम्पू प्रभारी डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह तोमर, यातायात थाना मध्य झांसी रोड प्रभारी धनंजय शर्मा सहित पुलिस स्टाफ के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और परिवार व समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों