‘सृजन सम्मान’ अभियान का दूसरा चरण शुरू — सिवनी पुलिस की अनोखी पहल से बदल रही बच्चों की जिंदगी

0

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस विभाग की सामाजिक पहल ‘सृजन सम्मान’ गतिविधियों का द्वितीय चरण पुलिस रक्षित केंद्र सिवनी में शुरू किया गया है। यह अभियान किशोर-किशोरियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास निर्माण और पुलिस विभाग से सकारात्मक जुड़ाव स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के नवाचार कार्यक्रम के तहत यह पहल पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के निर्देशन में प्रारंभ हुई। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक प्रवीण नायडू, कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे, सूबेदार जितेंद्र रावतकर और सूबेदार गौरव मर्सकोले की उपस्थिति में 01 फरवरी 2026 से द्वितीय चरण की गतिविधियां शुरू की गईं।

इस अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद बस्तियों के बच्चों का विधिवत नामांकन कर उन्हें रक्षित केंद्र सिवनी में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्कूल शिक्षा के बाद हर शनिवार और रविवार को विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आत्मरक्षा हेतु कराते प्रशिक्षण, योग, नृत्य, व्यक्तित्व विकास, वार्तालाप कौशल, अनुशासन, ड्रिल एवं परेड प्रशिक्षण शामिल हैं।

साथ ही बच्चों को नागरिक कर्तव्यों की समझ, सकारात्मक सोच, प्रतियोगी परीक्षाओं की बुनियादी जानकारी, पुलिस कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, चाइल्ड राइट्स, संस्थागत भ्रमण, खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों के माध्यम से व्यवहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। दिशा लर्निंग सेंटर की गतिविधियों से युवाओं में आत्मअनुशासन और बेहतर भविष्य की तैयारी का वातावरण तैयार किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पहल केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में मजबूत कदम है, जिससे बच्चों के साथ-साथ उनके परिवारों में भी जागरूकता और विश्वास बढ़ रहा है।

इस अभियान को सफल बनाने में रक्षित केंद्र सिवनी की टीम — आर. नारायण ठाकरे, विवेक गोनेकर, विकास रघुवंशी, तरुण कंचनवार, कुणाल सल्लाम और आनंद वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों