शाबाश छत्तीसगढ़ पुलिस: ‘ऑपरेशन तलाश’ में बड़ी सफलता, एक महीने में 4056 गुमशुदा लोग परिजनों से मिलाए
रायपुर, 5 मई 2026। अपनों से बिछड़े लोगों को जब फिर से परिवार का साथ मिला तो खुशी के आंसू थम नहीं पाए। किसी परिवार को उसका बेटा मिला तो कहीं बच्चों को अपनी मां का स्नेह वापस मिला। यह भावुक मिलन छत्तीसगढ़ पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” की बड़ी सफलता का परिणाम है।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 1 से 30 अप्रैल 2026 तक राज्यव्यापी “ऑपरेशन तलाश” अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए कुल 4056 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।
इस अभियान में 545 गुमशुदा बच्चे तथा 3511 महिला एवं पुरुष शामिल रहे। विस्तृत कार्रवाई में पुलिस टीमों ने 75 बालक, 470 बालिकाएं, 972 पुरुष और 2539 महिलाओं का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों एवं नामित नोडल अधिकारियों ने अभियान को प्राथमिकता देते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। इन टीमों ने संभावित स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्रों तथा अन्य राज्यों तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
अभियान की विशेष उपलब्धि यह रही कि 182 गुमशुदा व्यक्तियों को महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से खोजकर वापस लाया गया।
जिला स्तर पर दुर्ग (683), बिलासपुर (648) और रायपुर (426) ने सर्वाधिक गुमशुदा व्यक्तियों की पतासाजी कर अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बरामद सभी बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को विधिवत उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और जवाबदेही का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।
