बेमेतरा में नशे पर बड़ा प्रहार: 17.88 लाख रुपये के गांजा, टैबलेट और इंजेक्शन जलाकर किए नष्ट
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बेमेतरा पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। जिला प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई फोर्ट रेंज से जुड़े मामलों के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले के कुल 11 प्रकरणों में जब्त किए गए गांजा, नशीली टैबलेट एवं इंजेक्शन (ड्रग्स) को Drugs Biotech Fuels Pvt. Ltd., पथर्रा कंपनी परिसर में वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया।
नष्टीकरण की गई सामग्री में कुल 119 किलो 408 ग्राम गांजा, 1,14,600 नशीली टैबलेट तथा 74 इंजेक्शन (ड्रग्स) शामिल रहे। जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 17 लाख 88 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने एवं युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई जारी है। न्यायालयीन आदेश एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरे नष्टीकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
