डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: ग्वालियर पुलिस ने जंगल से 6 हथियारबंद बदमाश दबोचे
ग्वालियर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना पुरानी छावनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जलालपुर के जंगल में डकैती की योजना बना रहे 06 बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में बदमाशों की धरपकड़ हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 04 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कंजर डेरा के सामने जलालपुर के जंगल में कुछ बदमाश बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) विदिता डागर के निर्देशन एवं सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। झाड़ियों में छिपकर निगरानी करने पर बदमाशों को पप्पू चौहान के घर डकैती डालने की योजना बनाते पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।
🔴 हथियार और सामग्री बरामद
पुलिस तलाशी में आरोपियों से
- 315 बोर के 03 देशी कट्टे
- 05 जिंदा कारतूस
- 02 धारदार छुरे
- 05 मोबाइल फोन
जप्त किए गए।

🔴 ऐसे रची थी डकैती की साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जलालपुर निवासी पप्पू चौहान के घर की रैकी कर रहे थे और रात में डकैती डालने की योजना थी। दो सहयोगी आरोपी उन्हें कार से जंगल में छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
🔴 गिरफ्तार आरोपी
- टेनीराम उर्फ टीटू लोधी
- कौशल कुमार उपाध्याय
- अयान मोहम्मद
- सचिन सिंह तोमर
- अंशुल त्यागी
- आमिर उर्फ लालू खान
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 173/26 के तहत बीएनएस, आर्म्स एक्ट एवं एमपीडीपीके एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी अर्पित यादव और रहमान खान की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
