रायपुर पुलिस की अनूठी पहल ‘सुकवारी संझा’ : तनावमुक्त होंगे जवान, संगीत-योग से बढ़ेगा मनोबल
रायपुर। पुलिसकर्मियों के बढ़ते मानसिक तनाव, लगातार कार्य दबाव और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आज पुलिस लाइन रायपुर में विशेष कार्यक्रम “सुकवारी संझा – तन-मन रंजन” आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस जवानों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। संगीत, योग और प्रेरक गतिविधियों के समन्वय से आयोजित यह आयोजन देश में पुलिसकर्मियों के लिए अपनी तरह की एक ऐतिहासिक और नवाचारी पहल माना जा रहा है।
कुछ माह पूर्व गठित पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए लगातार जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब को आमंत्रित कर पुलिस जवानों के मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने की दिशा में यह विशेष आयोजन किया गया ।

करीब 12 वर्षों से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब ने “योग-संगीत-सूत्र” अवधारणा के तहत कार्यक्रम तैयार किया है। इसमें हार्मोनिका वादन, मधुर संगीत, प्रेरक गीतों और योग अभ्यास के माध्यम से जवानों को तनावमुक्त वातावरण प्रदान किया जाएगा।
क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव (IPS सेवानिवृत्त) के अनुसार यह पहल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का सामाजिक अभियान है।
पुलिस लाइन परिसर में लगाए गए विशेष बैनर और पोस्टरों के माध्यम से “सुकवारी संझा” को पुलिसकर्मियों के मनोबल संवर्धन और तनाव प्रबंधन की महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रचारित किया गया। सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की इस पहल को सामुदायिक पुलिसिंग का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए सराहना की है।




