भोपाल पुलिस की अनोखी पहल: ‘संवाद से समाधान’ अभियान से मजबूत हो रही सामुदायिक पुलिसिंग
भोपाल। आमजन की समस्याओं का समाधान सीधे संवाद के माध्यम से करने के उद्देश्य से भोपाल पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में 14 फरवरी 2026 से 05 मई 2026 तक शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगभग 70 जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से हजारों नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों से सीधा संवाद स्थापित किया गया।
‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत सुरक्षा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को केंद्र में रखते हुए महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, बाल संरक्षण, सामाजिक न्याय, ट्रैफिक व्यवस्था तथा युवाओं के सकारात्मक मार्गदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रमों में बालिकाओं द्वारा मार्शल आर्ट प्रदर्शन, सामुदायिक पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों का सम्मान तथा बच्चों एवं युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु प्रेरणादायी संवाद मुख्य आकर्षण रहे।
जनसंवाद के दौरान नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, रात्रि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने, यातायात सुधार तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
भोपाल पुलिस की यह पहल केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में विश्वास, सुरक्षा और जनभागीदारी की मजबूत नींव तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।
