पुलिस लाइन गरियाबंद में हुआ बलवा ड्रिल अभ्यास, जवानों ने दिखाई मुस्तैदी और अनुशासन
गरियाबंद: पुलिस लाइन गरियाबंद में आज जनरल परेड के साथ बलवा ड्रिल (Riot Drill) का अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीतिक तैयारी का प्रदर्शन किया।
अभ्यास के दौरान जवानों को कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित कार्रवाई, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा भीड़ नियंत्रण के आधुनिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। बलवा ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन एवं सामूहिक संचालन क्षमता को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
परेड निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवानों को सतर्क, अनुशासित एवं जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आकस्मिक स्थिति में पुलिस बल को पूर्ण रूप से तैयार रखना है, ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावी रूप से बनाए रखी जा सके।




