पुलिस लाइन रतलाम में 10 दिवसीय समर कैंप शुरू, पुलिस परिवार के बच्चों को मिलेगा प्रतिभा निखारने का मंच

0
may 16.7.1

रतलाम: पुलिस परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास और ग्रीष्मकालीन अवकाश को रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन रतलाम में 10 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। इस समर कैंप का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

यह समर कैंप 10 दिनों तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें पुलिस परिवार के बच्चों के लिए खेल, योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप के दौरान क्रिकेट, योगा, ड्राइंग, जुंबा, सिंगिंग सहित कई मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहन मिल सके।

प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को अलग-अलग विधाओं में मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में बच्चों एवं उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डॉ. स्वर्णा सरस्वती उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्री अजय सारवान, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक श्री मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका चौहान, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिस परिवार के बच्चे एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस परिवार के कल्याण एवं बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए इस प्रकार की सकारात्मक पहल निरंतर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों