90 क्विंटल गेहूं चोरी का खुलासा, अंतरजिला चोर गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

0
may 22.3.1

रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 क्विंटल गेहूं चोरी के मामले का खुलासा कर अंतरजिला चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा 11 चोरी की वारदातों को अंजाम देना भी सामने आया है।

पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़ावदा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। फरियादी अय्यूब खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खेत में रखे गेहूं की चोरी हो गई है और मौके पर वाहन के टायरों के निशान मिले थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और आईसीजेएस डेटा के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर भंवरलाल चंद्रवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने खुलासा किया कि वारदात से पहले बड़नगर क्षेत्र से आयशर वाहन चोरी किया गया था, जिसके जरिए गेहूं चोरी कर कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द पहुंचाया गया। बाद में चोरी का गेहूं महिदपुर मंडी में बेच दिया गया। चोरी में इस्तेमाल वाहन आरोपी युसुफ को सौंपा गया, जिसने वाहन को काट दिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल, नकदी और अन्य सामान सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस अब अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों