जियो टॉवर बैटरी चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, अंतरजिला गिरोह का खुलासा
कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जियो टॉवरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना रावघाट पुलिस एवं क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। मामले में जियो कंपनी में कार्यरत कर्मचारी ही मुख्य आरोपी निकले।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मार्च से अप्रैल 2026 के बीच विभिन्न क्षेत्रों में लगे जियो टॉवरों से 72 नग बैटरियों की चोरी की थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बैटरियों को कबाड़ी को बेचने की जानकारी दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त वाहन, 24 नग जियो बैटरियां, ₹5300 नकद, जियो कंपनी का जैकेट, हेलमेट एवं अन्य उपकरण जब्त किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए कार एवं अन्य वाहनों का उपयोग करते थे। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
कांकेर पुलिस ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
