“आओ सँवारें कल अपना” कार्यक्रम में बच्चों को खेल और फिटनेस के लिए किया प्रेरित
बिलासपुर में आयोजित “आओ सँवारें कल अपना” — Say Yes to Sports, No to Drugs कार्यक्रम के तहत बच्चों को खेल, फिटनेस और अनुशासन के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल (IAS) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (IPS) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बच्चों को योगा मैट वितरित किए गए और उन्हें नियमित योग, खेलकूद एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखते हुए खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है, जिसे सही दिशा और अवसर मिलने पर बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है। खेल और फिटनेस न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
अधिकारियों ने बच्चों से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।




